Tuesday, March 10, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डकेदारनाथ के लिए हेली सेवा की बुकिंग करने वाले 11 हजार से...

केदारनाथ के लिए हेली सेवा की बुकिंग करने वाले 11 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों को वापस मिलेगा टिकट का पैसा

देहरादून। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच उत्तराखंड में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने चारधाम यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया था। इसके बाद जिन यात्रियों ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए एडवांस बुकिंग कराई थी, उन्हें अब बुकिंग राशि लौटाने का फैसला लिया गया है।

पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने जीएमवीएन को तीर्थयात्रियों को टिकट की धनराशि लौटाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में जीएमवीएन ने देहरादून के राजपुर रोड स्थित यस बैंक के शाखा प्रबंधक को पत्र लिखकर तीर्थयात्रियों की धनराशि हस्तांतरित करने का निर्देश दिया है।

जावलकर ने कहा कि चारधाम यात्रा सदैव से ही देश-विदेश के लाखों तीर्थयात्रियों को उत्तराखंड की ओर आकर्षित करती रही है। हालांकि कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण फैलने के खतरे और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार की ओर से इस साल चारधाम यात्रा को स्थगित करने का फैसला लिया गया है। देश-विदेश के तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 17 मई से संचालित की जाने वाली हेली सेवा के लिए दो अप्रैल से जीएमवीएन की वेबसाइट के माध्यम से टिकटों की अग्रिम ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई थी।

जिसके लिए कई तीर्थयात्रियों की ओर से ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग की गई थी। जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक आशीष चैहान ने बताया कि बुकिंग की धनराशि हेली ऑपरेटर्स की ओर से जीएमवीएन द्वारा ली जाती है, जो कि जीएमवीएन के यस बैंक लिमिटेड द्वारा संचालित खाते में हस्तांतरित होती है। आज यस बैंक को 200 रुपये की प्रॉसेसिंग फीस छोड़कर बाकी धनराशि यात्रियों के बैंक खातों में जमा करने के निर्देश दे दिए गए हैं। अब तक 11 हजार से अधिक यात्रियों ने हेली सेवा की बुकिंग की थी। इस फैसले से देश-विदेश के हजारों तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस दिन खुलेंगे चारों धामों के कपाट

बता दें कि यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर 14 मई को दिन में 12.15 बजे और गंगोत्री धाम के कपाट इस बार 15 प्रात: 7.31 बजे खुलेंगे। जबकि केदारनाथ के कपाट 17 मई को सुबह 5 बजे और बदरीनाथ धाम के कपाट 18 मई प्रात: 4.15 बजे खुलेंगे।

सांकेतिक रूप में खुलेंगे चारों धामों के कपाट
चारधामों के कपाट निर्धारित तिथियों पर सांकेतिक रूप से खुलेंगे। गढ़वाल आयुक्त और उत्तराखंड देवस्थानम बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने कहा कि धामों में पूजा परंपरा से जुड़े तीर्थ पुरोहित और हक-हकूकधारियों को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट दिखाने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments