कचहरी परिसर में चेंबर निर्माण की मांग को लेकर वकीलों ने एक बार फिर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के आह्वान पर सभी अधिवक्ता एकजुट होकर कचहरी परिसर से रैली के रूप में निकले और शहर के प्रमुख घंटाघर चौक पर पहुंचकर चक्का जाम किया।
प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और शीघ्र चेंबर निर्माण की मांग उठाई। वकीलों का कहना है कि लंबे समय से चेंबर निर्माण की मांग लंबित है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे अधिवक्ताओं को कार्य करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बार एसोसिएशन के सभी सदस्य विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे। चक्का जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

