Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डजिलाधिकारी ने बीटीसी में व्यवस्थाओं को परखा, श्रद्धालुओं से बातचीत कर जानी...

जिलाधिकारी ने बीटीसी में व्यवस्थाओं को परखा, श्रद्धालुओं से बातचीत कर जानी उनकी समस्या

ऋषिकेश: जिलाधिकारी देहरादून डा. आर. राजेश कुमार ने चार धाम यात्रा संचालन केंद्र बस टर्मिनल कंपाउंड पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं को मौके पर परखा। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्या को जाना। उन्होंने कहा कि नो मास्क- नो एंट्री का पालन करते हुए यहां पर सार्वजनिक बोर्ड लगाए जाएंगे।

बुधवार की दोपहर जिलाधिकारी देहरादून बस टर्मिनल कंपाउंड पहुंचे। उन्होंने यात्रा पंजीकरण केंद्र में जाकर पूरी व्यवस्था को जाना। इस दौरान उन्होंने कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रेम अनन्त को व्यवस्था सुधारने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के दौरान श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार ना करना पड़े इसके लिए कंपनी अपने सिस्टम में और अधिक सुधार करें।

इस दौरान परिवहन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर उन्हें वाहनों को जारी होने वाले ट्रिपकार्ड की समस्या से अवगत कराया। मौके पर मौजूद यातायात परिवहन कंपनी के अध्यक्ष मनोज ध्यानी, उपाध्यक्ष नवीन रमोला, टीजीएमओ कंपनी के संचालक बलबीर सिंह रौतेला, मदन मोहन कोठारी ने बताया कि यात्री पंजीकरण और ट्रिप कार्ड व्यवस्था को एक दूसरे से लिंक किया गया है। पंजीकरण में विलंब होने के कारण ट्रिप कार्ड बनाने में भी व्यवधान पैदा हो रहा है। इसलिए ट्रिप कार्ड की व्यवस्था को अलग से व्यवस्थित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस संबंध में शासन से बात की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा अड्डे में श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की अलग से हेल्पडेस्क सार्वजनिक स्थान पर बनेगी। जिसमें लाउडस्पीकर लगाया जाएगा। यहां यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क में सिर्फ परिवहन विभाग के कर्मचारी मौजूद मिले। उन्होंने उपजिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा परिसर में कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। जिसके लिए यहां पर नो मास्क – नो एंट्री का सार्वजनिक बोर्ड लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद बनाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments