देहरादून– पेंशन बढ़ाने, रोजगार देने और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से आए दिव्यांगों ने देहरादून में मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। पुलिस ने उन्हें हाथीबड़कला में रोकने की कोशिश की, लेकिन दिव्यांग अवरोधों को पार करते हुए मुख्यमंत्री आवास के सामने पहुंच गए, जहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में शामिल थी कि दिव्यांग पेंशन को ₹1500 से बढ़ाकर ₹5000 किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बिना ब्याज के ऋण, रोजगार के अधिक अवसर, और दिव्यांगों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाओं की भी मांग रखी।
कुछ देर प्रदर्शन के बाद मौके पर एसएसपी अजय सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और मौके से हटाया।
इस प्रदर्शन में राज्यभर से आए कई दिव्यांग संगठनों के सदस्य शामिल हुए थे। दिव्यांगों का कहना है कि सरकार ने अब तक उनकी समस्याओं की अनदेखी की है और अगर जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

