देहरादून। उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बनते हुए दून जनपद की लखपति दीदी संतोषी सोलंकी को 77वीं गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का आमंत्रण मिला है। सहसपुर ब्लॉक के शंकरपुर गांव की रहने वाली संतोषी सोलंकी 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि संतोषी सोलंकी एक सफल महिला उद्यमी हैं और ‘लखपति दीदी’ के रूप में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। गणतंत्र दिवस परेड में देशभर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, खिलाड़ियों, महिला स्वयं सहायता समूह सदस्यों, स्टार्टअप उद्यमियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया है। इसी क्रम में संतोषी सोलंकी का चयन किया गया है।
संतोषी सोलंकी ने वर्ष 2018 में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर सेलाकुई क्षेत्र में प्रिंटिंग प्रेस व्यवसाय की शुरुआत की थी। एकता स्वयं सहायता समूह की सदस्य रहते हुए उन्होंने आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन के अंतर्गत सीसीएल, सीईएफ और सीसी के माध्यम से वित्तीय सहयोग और प्रशिक्षण प्राप्त किया।
आज संतोषी सोलंकी ‘सोलंकी प्रिंटिंग प्रेस’ का सफल संचालन कर रही हैं। उनके इस उद्यम से चार अन्य महिलाओं को भी रोजगार मिला है। अब तक उनके व्यवसाय का टर्नओवर 60 लाख रुपये से अधिक हो चुका है।
संतोषी सोलंकी ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण बन चुकी हैं। उन्होंने अपने गांव और आसपास की 250 से अधिक महिलाओं को विभिन्न उद्यमों के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल जनपद बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

