देहरादून। वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे नर्सिंग बेरोजगारों को पुलिस ने हाथीबड़कला के पास बैरिकेड लगाकर रोक लिया। इसके बाद नर्सिंग बेरोजगार वहीं धरने पर बैठ गए और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आज ही उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक आश्वासन नहीं मिला तो वे सामूहिक मुंडन करेंगे।
नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बहल चौक से विभिन्न जिलों से पहुंचे नर्सिंग बेरोजगार मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे थे। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि नर्सिंग बेरोजगार बीते 46 दिनों से एकता विहार में धरना दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी रैली और प्रदर्शन के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाई गई, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस और सकारात्मक आश्वासन नहीं मिला है।
हाथीबड़कला के पास धरने पर बैठे नर्सिंग बेरोजगारों ने कहा कि यदि आज उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे यहीं बैठकर मुंडन करेंगे। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में नर्सिंग भर्ती की वर्तमान विज्ञप्ति को तत्काल निरस्त कर पोर्टल बंद करना, भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की भांति वर्षवार लागू करना, आईपीएचएस मानकों के अनुरूप 2500 से अधिक पदों पर नई विज्ञप्ति जारी करना, उत्तराखंड मूल निवासियों को प्राथमिकता देना तथा आयु सीमा पार कर चुके योग्य अभ्यर्थियों को विशेष आयु-छूट देना शामिल है।
धरना-प्रदर्शन में सरिता जोशी, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, भास्कर, अनिल रमोला, अजीत, पपेंद्र, उपेंद्र, मुकेश रमोला, श्वेता, प्रीति, सुजाता, शिरा, लता सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार मौजूद रहे।

