देहरादून– उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बादल फटने की घटना ने भीषण तबाही मचाई है। अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों में अधिकांश मजदूर हैं, जो प्रेमनगर क्षेत्र की परवल टॉस नदी के पास काम कर रहे थे।
प्रेमनगर में 6 मजदूरों की मौत, नदी में बहे थे 10 मजदूर
प्रेमनगर के परवल टॉस नदी में देर रात बादल फटने के बाद आई तेज़ बाढ़ में 10 मजदूर बह गए, जिनमें से 6 की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव दल ने शव बरामद कर लिए हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है। नया गांव चौकी क्षेत्र में पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।
सहस्रधारा और नया गांव से भी मिले शव
सहस्रधारा क्षेत्र से बहकर आए 3 शव कोरोनेशन अस्पताल में रखे गए हैं। वहीं, एक अन्य व्यक्ति की मौत नया गांव क्षेत्र में हुई है। इस प्रकार अब तक कुल 10 मौतों की पुष्टि प्रशासन ने की है।
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री से ली आपदा की जानकारी
बादल फटने और जनहानि की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर बात की और आपदा की विस्तृत जानकारी ली।
दोनों नेताओं ने उत्तराखंड सरकार को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस आपदा की घड़ी में राज्य के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से राहत कार्यों में और तेजी लाई जाएगी।

