देहरादून रेलवे स्टेशन के लगभग 70 लोको पायलट आज सुबह से अगले 48 घंटे तक सामूहिक उपवास पर रहेंगे। उपवास के दौरान रनिंग रूम में भोजन नहीं बनाया जाएगा, हालांकि ट्रेन संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा और यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के शाखाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि यह उपवास कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर किया जा रहा है। इसमें मुख्य रूप से किलोमीटर भत्ता बढ़ाने, हर वर्ष नियमित भर्ती निकालने और लोकोमोटिव में शौचालय की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने बताया कि देशभर में लोको पायलटों द्वारा यह शांतिपूर्ण विरोध एक साथ किया जा रहा है।
विनोद कुमार के अनुसार, लोको पायलटों की संख्या कम होने के कारण स्टाफ को पर्याप्त आराम नहीं मिल पा रहा है। साथ ही अब रनिंग स्टाफ में महिलाएं भी शामिल हैं, जिसके चलते लोकोमोटिव में शौचालय न होना एक बड़ी समस्या बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि सभी लोको पायलट उपवास के दौरान भी अपनी ड्यूटी पर रहेंगे और ट्रेन संचालन को किसी तरह की बाधा नहीं आने देंगे।

