देहरादून। प्रदेश में खेल महाकुंभ इस वर्ष नए प्रारूप में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 के नाम से आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 23 दिसंबर से होगी। यह जानकारी खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी।
खेल मंत्री ने बताया कि यह प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तरीय मुकाबले शामिल होंगे। प्रतियोगिता के दौरान कुल 26 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इस बार पारंपरिक खेलों को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप का समापन 28 जनवरी को होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के साथ विजेता टीम को पांच लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। चैंपियन का चयन खिलाड़ियों द्वारा जीते गए पदकों के आधार पर निर्धारित अंकों के योग से किया जाएगा।
इसके अलावा सांसद ट्रॉफी जीतने वाली टीम को दो लाख रुपये और विधानसभा ट्रॉफी जीतने वाली टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। खेल मंत्री ने बताया कि यदि कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ता है तो उसे एक लाख रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
चैंपियनशिप के लिए रजिस्ट्रेशन 14 अक्तूबर से शुरू हो चुके हैं और अब तक एक लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ी पंजीकरण करा चुके हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 22 दिसंबर तक खुले रहेंगे।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग प्रतियोगिता
रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की स्पर्धाएं अलग से आयोजित की जाएंगी। इस श्रेणी के लिए भी पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

