Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डपिछले तीन दिन से बड़ी संख्या में ऋषिकेश पहुंचे पर्यटक, शनिवार को...

पिछले तीन दिन से बड़ी संख्या में ऋषिकेश पहुंचे पर्यटक, शनिवार को सुबह से ही सड़कें जाम

ऋषिकेश : सप्ताहांत के कारण ऋषिकेश में शनिवार की सुबह से ही सड़कों पर जाम लगना शुरू हो गया। रायवाला के नेपाली फार्म से लेकर ऋषिकेश और ऋषिकेश से लेकर भद्रकाली और ब्रह्मपुरी तक वाहन रेंग-रेंग कर चलने को मजबूर हुए। इससे पहले शुक्रवार को भी योगनगरी में इसी तरह के हालात बने हुए थे। लोग घंटों जाम में फंसकर परेशान हुए थे।

वहीं ऋषिकेश का एकमात्र सीएनजी पंप श्यामपुर में स्थित है। जहां शनिवार की सुबह से ही गैस समाप्त है, जिस कारण यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई स्कूल वाहन और एंबुलेंस जाम में फंसे नजर आए। त्योहारी अवकाश और सप्ताहांत के कारण पिछले तीन दिन से बड़ी संख्या में अन्य प्रांतों से पर्यटक ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र में पहुंचे हैं।

शनिवार को भी बाहर से पर्यटक के आने का क्रम जारी रहा। सुबह पांच बजे से ही रायवाला से ऋषिकेश की ओर श्यामपुर क्षेत्र में जाम लगना शुरू हो गया। यहां जाम का प्रमुख कारण सड़क के संकरा होने के साथ-साथ हरिद्वार की ओर जाने वाली सड़क के किनारे सीएनजी पंप का होना भी है। दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र से आने वाले वाहन सीएनजी से संचालित होते हैं। यहां बड़ी संख्या में पर्यटन वाहन पहुंचे।

पंप में सीएनजी का कोटा सुबह ही समाप्त हो गया। यहां दोपहर तक सीएनजी के पहुंचने की उम्मीद है। जिस कारण वाहनों की लंबी कतार यहां लग गई है। यह कतार ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर निकासी वाले रूट पर हैं। जबकि इस लेन में ट्रैफिक ना के बराबर होता है। हरिद्वार से ऋषिकेश आने वाली लेन में सर्वाधिक ट्रैफिक पिछले दो दिन से देखा गया है।

ऋषिकेश शहर के अंदरूनी क्षेत्र में तिपहिया वाहन भी पूरी तरह से पैक चल रहे हैं। जिस कारण कई यात्री पैदल चलने पर मजबूर हैं। शनिवार की सुबह से ही शहर के अंदरूनी मार्गों पर बाहर से आने वाले वाहन प्रवेश कर गए। कोतवाली पुलिस की ओर से हरिद्वार की दिशा से आने वाले वाहनों को बाद में बाईपास का रास्ता दिखाया गया।

जनपद टिहरी गढ़वाल के मुनिकीरेती, तपोवन, ब्रह्मपुरी, जनपद पौड़ी गढ़वाल के गरुड़ चट्टी, लक्ष्मण झूला, मोहनचट्टी, बैराज और चीला मार्ग पर भी यातायात की स्थिति अच्छी नहीं है। पुलिस उपाधीक्षक यातायात टिहरी गढ़वाल अस्मिता ममगाई ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में फोर्स को सड़क पर जगह-जगह तैनात किया गया है। कोशिश यही है कि वाहनों की गति सामान्य रूप से चलती रहे।

पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें थाना लक्ष्मण झूला, ऋषिकेश, मुनिकीरेती का नोडल अधिकारी भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों थाना क्षेत्रों में निरंतर तालमेल के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने की कोशिश की जा रही है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments