देहरादून। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को सभी जिला अध्यक्षों के साथ अहम बैठक की। बतौर प्रदेश अध्यक्ष उनकी दूसरी पारी की यह पहली औपचारिक बैठक रही, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। इस बैठक और पदभार ग्रहण समारोह के साथ ही पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की शुरुआत का स्पष्ट संकेत दे दिया है।
कार्यकर्ताओं में जोश, नेताओं में उत्साह
पदभार ग्रहण समारोह में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यही जोश बड़े नेताओं के आत्मविश्वास में भी दिखा, जो पूरे कार्यक्रम में एकजुटता और चुनावी तैयारी पर जोर देते रहे।
हरीश रावत ने बढ़ाया मनोबल, दी नसीहत
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पार्टी नेताओं की तुलना पांडवों और पंचमुखी रुद्राक्ष से करते हुए उनमें जोश भरा। लेकिन साथ ही उन्होंने नसीहत भी दी— उन्होंने कहा कि कोई भी नेता यह न सोचे कि उनकी सीट हार जाए और बाकी 69 सीटें पार्टी जीत ले। बल्कि हर नेता को यह लक्ष्य रखना चाहिए कि उनकी सीट भी जीती जाए, क्योंकि जब सभी अपने क्षेत्र में मजबूती से काम करेंगे तभी पार्टी प्रदेश में अपना परचम लहरा पाएगी।
अपने संबोधन में रावत ने प्रीतम सिंह को अर्जुन, जबकि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को भीम बताया। उन्होंने कहा कि आज संविधान, गांधी, नेहरू और अंबेडकर के सिद्धांतों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रीतम सिंह गांडीव उठाएं और यशपाल आर्य सामाजिक न्याय की गदा से प्रहार करें, तभी 2027 में भाजपा को पराजित किया जा सकेगा।
कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने पर जोर
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा कि वे पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं। उनके अनुसार कांग्रेस शासनकाल में राज्य में सबसे अधिक पेंशन और नौकरियों की नियुक्तियां हुईं, जिन्हें जनता को पुनः याद दिलाना जरूरी है।
“गुटबाजी नहीं, सभी एकजुट”—करन माहरा
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस के सभी बड़े नेता एकजुट हैं। गुटबाजी के जो दावे किए जाते हैं वह केवल कुछ निचले स्तर पर अत्यधिक उत्साहित लोगों की वजह से होते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाना चाहिए ताकि पार्टी में अनुशासन और एकता बनी रहे। गणेश गोदियाल की अगुवाई के साथ कांग्रेस ने एकजुटता, रणनीति और नए जोश के साथ 2027 की जंग का आगाज़ कर दिया है।

