देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ‘स्वच्छोत्सव-2025’ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की भी बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान के तहत स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राज्य भर में नियमित सेवा स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता की शपथ दिलाई, वृक्षारोपण किया, स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे स्वच्छता आंदोलन ने देश को नई दिशा और पहचान दी है। स्वच्छोत्सव-2025 न केवल एक संकल्प है, बल्कि एक आंदोलन और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य का वादा भी है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” का सपना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हाल ही में घोषित नेशनल एयर प्रोग्राम के तहत नगर निगम देहरादून को देशभर में 19वां स्थान मिला है। साथ ही स्वच्छता रैंकिंग में देहरादून नगर निगम ने इस वर्ष 62वां स्थान प्राप्त किया, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी बेहतर है। प्रदेश में अब तक छह लाख से अधिक शौचालयविहीन परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है।
देहरादून नगर निगम द्वारा सफाई से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक स्वच्छता कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। कूड़ा उठाने, सीसीटीवी निगरानी और नियमित सफाई व्यवस्था से नगर को बेहतर दिशा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लों, गांवों और शहरों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं लें।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए “एक पेड़ का नाम माँ के नाम” अभियान का उल्लेख किया और कहा कि वृक्षारोपण जीवन की गुणवत्ता सुधारने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, सुरेश गाडिया, उत्तरदायी अधिकारी हेमराज बिष्ट, सचिव नितेश झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित कई गणमान्य प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

