देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश भर में निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि अब चूंकि मानसून समाप्त हो चुका है, ऐसे में सभी विभागों को धरातल पर काम की रफ्तार बढ़ानी चाहिए।
सड़कों की स्थिति पर सख्त हुए मुख्यमंत्री
लोक निर्माण विभाग (PWD) की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी सड़कें समय सीमा के भीतर गड्ढा मुक्त की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण या मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों से बार-बार सड़क संबंधी शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की साप्ताहिक समीक्षा की जाए और 31 अक्टूबर तक सभी पैच वर्क कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में कई उच्च अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज पांडेय, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी शामिल रहे।

