देहरादून| मुख्यमंत्री ने आज शासकीय आवास पर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान आपदा प्रबंधन, कानून व्यवस्था, पुनर्निर्माण कार्यों तथा प्रशासनिक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावितों को मानक अनुसार त्वरित सहायता राशि प्रदान की जाए और किसानों को हुए नुकसान का आकलन शीघ्र पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए। साथ ही, नदी-नालों के किनारे किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा मार्ग की स्थिति पर भी मुख्यमंत्री ने चिंता जताई और संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण कानून के अंतर्गत दर्ज मामलों की समीक्षा करने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार उन्हें वापस भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौ-तस्करों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करने के तहत बहुउद्देशीय शिविरों और स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन करने के निर्देश दिए।
साथ ही, 1905 सीएम हेल्पलाइन की जनपदवार समीक्षा को नियमित रूप से करने और जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने-अपने जनपदों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करें और सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारें।

