देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में आयोजित ‘जीएसटी बचत उत्सव’ जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और आम नागरिकों से मुलाकात कर जीएसटी दरों में हुई कमी को लेकर फीडबैक लिया और जनता को इसके लाभों के प्रति जागरूक किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आर्थिक सुधारों का नया युग प्रारंभ हुआ है। जीएसटी की दरों में कमी के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के जीवन को सरल और खुशहाल बनाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी की नई दरों के चलते उपभोक्ता वस्तुएं सस्ती हुई हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे ग्राहकों को घटी हुई जीएसटी दरों की जानकारी ईमानदारी से दें और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इस दौरान उन्होंने स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया, जिससे प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने जीएसटी दरों में कटौती पर खुशी और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर हुई यह पहल बाजार और खरीददारों दोनों में उत्साह भरने वाली है, जिसका सकारात्मक असर दीपावली तक देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला, तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

