Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनमुख्यमंत्री धामी ने किया ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ, बोले– “फिट इंडिया,...

मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ, बोले– “फिट इंडिया, स्पोर्ट्स इंडिया, स्ट्रॉन्ग इंडिया” की दिशा में बड़ा कदम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में आयोजित हो रहा यह महोत्सव ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का एक बड़ा अभियान है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में यह प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य “फिट इंडिया – स्पोर्ट्स इंडिया – स्ट्रॉन्ग इंडिया” के संदेश को गाँव-गाँव तक पहुँचाने के साथ स्थानीय, पारंपरिक और लोक खेलों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचा और राज्य का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।

उन्होंने बताया कि “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी, जिनमें हर वर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके साथ ही हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नई खेल नीति लागू की गई है, जिसके तहत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को “आउट ऑफ टर्न” सरकारी नौकरी दी जा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। साथ ही राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटा फिर से लागू किया गया है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प को पूरा करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल प्रतियोगिता और फिट इंडिया जैसे कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

सांसद बंसल ने घोषणा की कि वे अपनी सांसद निधि से विद्यालय में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट निर्माण के लिए धनराशि देंगे। साथ ही विद्यालय के मेस के फर्नीचर के लिए भी सहयोग प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments