देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर दो नवंबर को देहरादून पहुंचेंगी। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू दो नवंबर को सुबह 11:25 बजे हरिद्वार में पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके पश्चात वे देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन में रात्रि विश्राम करेंगी।
अगले दिन तीन नवंबर को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष सत्र में राष्ट्रपति का संबोधन राज्य के लिए गौरव का क्षण होगा।
उसी दिन शाम 5:30 बजे, राष्ट्रपति मुर्मू नैनीताल स्थित राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी, जहां राजभवन के 125 वर्ष पूर्ण होने का समारोह मनाया जाएगा।
चार नवंबर को राष्ट्रपति सुबह 11:20 बजे प्रसिद्ध कैंचीधाम पहुंचकर नीब करौली बाबा के दर्शन व पूजा करेंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे, वे कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा उत्तराखंड के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्षगांठ के विशेष सत्र में संबोधन देने वाली देश की पहली राष्ट्रपति होंगी।

