देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में आयोजित विंटर टूरिज्म कानक्लेव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन के साथ बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका भी सशक्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पर्वतारोहण, ट्रेकिंग और अन्य साहसिक पर्यटन गतिविधियों के लिए अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाते हुए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है। इससे पर्यटकों और आयोजकों को सुविधा मिलेगी और साहसिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
सीएम धामी ने जोर देते हुए कहा कि पर्यटन तभी वास्तविक रूप से बढ़ेगा जब इसकी पहुंच ग्रामीण क्षेत्रों तक होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर गांव, हर महिला और हर युवा पर्यटन से जुड़े, ताकि प्रदेश की समृद्ध पहाड़ी संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों को देश और दुनिया के सामने एक सशक्त बाजार के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि विंटर टूरिज्म के माध्यम से प्रदेश में वर्ष भर पर्यटन गतिविधियां संचालित होंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

