देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शनिवार को व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त विकास प्रस्तावों पर विचार करते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को संस्तुति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से लेकर कार्य पूर्ण होने तक प्रत्येक स्तर पर स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि सभी कार्य निर्धारित समय के भीतर पूर्ण हों। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने नंदा राजजात यात्रा से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता पर लेते हुए यात्रा शुरू होने से पहले पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिन प्रमुख प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई, उनमें पेयजल विभाग की लोहाघाट टाउन पंपिंग पेयजल योजना (कुल लागत 8444.67 लाख रुपये), रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण (कुल लागत 3857.64 लाख रुपये) शामिल हैं। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत नंदप्रयाग घाट–सुतोल–कनोल मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण (लागत 1289.21 लाख रुपये) तथा टनकपुर (चम्पावत) में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस एवं कम्युनिटी हॉल निर्माण (कुल लागत 1424.52 लाख रुपये) को भी मंजूरी दी गई।
इसके अतिरिक्त समिति ने पीएसी बटालियन रुद्रपुर के लिए आरटीसी एवं 188 बैडेड बैरक निर्माण (कुल लागत 1991.54 लाख रुपये) तथा देहरादून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (कुल लागत 3034.78 लाख रुपये) के निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में AMRUT 2.0 योजना के तहत विभिन्न स्थानीय निकायों में पेयजल, पार्कों के विकास तथा जलाशयों के कायाकल्प से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने विशेष रूप से पार्कों और जलाशयों के कायाकल्प कार्यों पर फोकस करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, श्रीधर बाबू अद्दांकी, विनोद कुमार सुमन, एस.एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर सचिव विनीत कुमार, निवेदिता कुकरेती, विम्मी सचदेव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

