सिविल कैंपस में रैन बसेरा बनाए जाने के विरोध और अधिवक्ताओं के लिए चेंबर की मांग को लेकर देहरादून बार एसोसिएशन का आंदोलन शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। वकीलों ने हरिद्वार रोड पर बैठकर चक्का जाम किया, जिससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया और आसपास के इलाकों में रूट डायवर्जन के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विधायक प्रीतम सिंह ने दिया समर्थन
गुरुवार को जारी प्रदर्शन के दौरान विधायक प्रीतम सिंह भी वकीलों के बीच पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। वह स्वयं बार के सदस्य हैं, जिसके चलते अधिवक्ताओं ने उनके समर्थन का स्वागत किया।
साढ़े तीन घंटे का चक्का जाम
बार एसोसिएशन ने शुक्रवार को भी लगभग साढ़े तीन घंटे चक्का जाम करने की घोषणा की थी। अधिवक्ताओं ने सड़क पर बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जताया और मांगों के पूरा न होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।
बार नेतृत्व का कड़ा रुख
धरना स्थल पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, सचिव राजबीर सिंह बिष्ट, उत्तराखंड बार काउंसिल के चेयरमैन राकेश गुप्ता, सदस्य एमएम लाम्बा सहित कई वकील नेता मौजूद रहे। एसोसिएशन के सचिव राजबीर सिंह बिष्ट ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन उनकी मांगों को अनसुना करता रहेगा, तो बार प्रदर्शन की अवधि और समय-सीमा को और बढ़ाने के लिए मजबूर होगा।

