देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभाओं की घोषणाओं और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विधायकगणों द्वारा उठाई गई जन समस्याओं को पूरी गंभीरता से लें और उनके समाधान के लिए तत्परता से कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण हेतु शासन और प्रशासन को एक सेतु की तरह कार्य करना होगा। इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में अपर सचिव स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जो विधायकगणों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और क्षेत्रीय मुद्दों का समाधान सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में गतिमान कार्यों की समीक्षा मुख्य सचिव स्तर पर भी की जाए। साथ ही, विभागीय सचिव अपने-अपने विभागों की नियमित समीक्षा कर समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभाओं की त्रैमासिक समीक्षा वह स्वयं करेंगे।
बैठक के दौरान विधायकगणों द्वारा सड़क चौड़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं, जलभराव, सीवरेज और ड्रेनेज, सिंचाई, तटबंध निर्माण और सौंदर्यीकरण जैसे विषयों से जुड़ी समस्याएं सामने रखी गईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और एक सप्ताह के भीतर की गई कार्यवाही की जानकारी संबंधित विधायकगणों एवं मुख्यमंत्री कार्यालय को दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी अस्वीकार्य है। उन्होंने मानसून के बाद सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और विधायकगणों से कहा कि वे लघु, मध्य और दीर्घकालिक कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र भेजें।
बैठक में बताया गया कि टिहरी लोकसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री द्वारा की गई कुल 469 घोषणाओं में से अब तक 305 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी सचिवों, जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर तुरंत कार्यवाही हो और इसकी जानकारी समयबद्ध ढंग से साझा की जाए। उन्होंने दोनों मंडलायुक्तों से कहा कि वे विधायकों, सचिवों और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, किशोर उपाध्याय, प्रीतम सिंह पंवार, सुरेश सिंह चौहान, शक्ति लाल शाह, सहदेव पुंडीर, सविता कपूर,उमेश शर्मा काऊ, दुर्गेश्वर लाल सहित कई विधायक, अवस्थापन अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिवगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वर्चुअल माध्यम से संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

