देहरादून– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस से पूर्व प्रदेशवासियों से “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” महाअभियान में सहभागिता की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराएं, गर्व से तिरंगे के साथ सेल्फी लें, और उसे harghartiranga.com पर अपलोड करें।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज राष्ट्रगौरव, एकता और स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक बन चुका है। यह मात्र एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की लौ को प्रज्वलित करने वाला विराट जनांदोलन बन गया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
राज्य सरकार द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, और शहरी निकायों में विशेष गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि तिरंगे से जुड़ाव देशभक्ति की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे इस अभियान में पूरे उत्साह से भाग लें और तिरंगे के सम्मान को सर्वोच्च रखें।

