Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनअंकिता हत्याकांड में वायरल वीडियो पर भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम का गृह...

अंकिता हत्याकांड में वायरल वीडियो पर भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम का गृह सचिव को पत्र, सामग्री हटाने की मांग

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल वीडियो में उर्मिला सनावर का नाम सामने आने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने गृह सचिव को पत्र भेजकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को आपराधिक साजिश करार देते हुए मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटाने तथा उसके प्रसार पर तत्काल प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया है।

गृह सचिव को भेजे पत्र में दुष्यंत गौतम ने लिखा है कि वे देशभर में आमजन के बीच एक प्रतिष्ठित सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता हैं। उन्हें जानकारी मिली है कि एक सुनियोजित आपराधिक साजिश के तहत कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा एक फर्जी और मनगढ़त ऑडियो रिकॉर्डिंग तैयार की गई है। इस साजिश को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से दुर्भावनापूर्ण, घृणित और झूठी सामग्री का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

पत्र में उन्होंने उर्मिला सनावर समेत 28 फेसबुक आईडी, उनके ई-मेल और फोन नंबर का उल्लेख किया है। इसके साथ ही नौ इंस्टाग्राम हैंडल, आठ यूट्यूब चैनल और दो एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल का नाम भी शामिल किया गया है, जिनके माध्यम से कथित तौर पर यह आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है।

दुष्यंत गौतम ने गृह सचिव से अनुरोध किया है कि संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार चैनलों को निर्देशित किया जाए कि इस प्रकार की सभी सामग्री को तुरंत हटाया जाए और भविष्य में इसके प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की झूठी और भ्रामक सामग्री से न केवल व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचता है, बल्कि समाज में भ्रम और तनाव की स्थिति भी पैदा होती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments