देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और समाज में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया और सभी उपस्थितजनों को वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प भी दिलाया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया।
निःशुल्क एंबुलेंस और वॉकथन को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री धामी ने वृद्धजनों की सेवा के लिए समर्पित निःशुल्क एंबुलेंस वैन तथा वरिष्ठ नागरिकों की वॉकथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की बुद्धिमत्ता और अनुभव के स्रोत हैं, जिनका मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायक होता है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख
सीएम ने राज्य और केंद्र सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें प्रमुख हैं:
- अटल वयोअभ्युदय योजना
- प्रधानमंत्री वय वंदना योजना
- राष्ट्रीय वयोश्री योजना
- वृद्धावस्था पेंशन योजना
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 6 लाख बुजुर्गों को पेंशन की राशि सीधे डीबीटी माध्यम से बैंक खातों में भेजी जा रही है।
वृद्धाश्रमों की स्थिति और विस्तार
- मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है:
- बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित
- देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवन निर्माणाधीन
- रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण केंद्र सरकार की मदद से
- रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में स्थापना की प्रक्रिया जारी
जेरियाट्रिक केयर और स्वास्थ्य सेवाएं
सीएम धामी ने बताया कि राज्य में 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य है, जो बुजुर्गों की देखभाल में विशेषज्ञ होंगे। साथ ही, राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं और 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी का लक्ष्य तय किया गया है।
कानूनी संरक्षण भी सुनिश्चित
वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम को राज्य में प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
विशिष्टजन हुए उपस्थित
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष शांति मेहरा, हरक सिंह नेगी, एससी आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार, समाज कल्याण सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी और निदेशक चंद्र सिंह धर्मशक्तू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

