Tuesday, March 10, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डअब प्रधानमंत्री मोदी की कुमाऊं रैली पर फोकस, 24 को हल्द्वानी में...

अब प्रधानमंत्री मोदी की कुमाऊं रैली पर फोकस, 24 को हल्द्वानी में होगी रैली

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देहरादून में हुई विजय संकल्प रैली से उत्साहित भाजपा अब कुमाऊं मंडल की रैली पर फोकस करने जा रही है। प्रधानमंत्री 24 दिसंबर को कुमाऊं क्षेत्र में हल्द्वानी में रैली करेंगे। हल्द्वानी में प्रधानमंत्री की यह पहली रैली है। देहरादून की रैली से गढ़वाल मंडल में माहौल बनाने के बाद पार्टी की कोशिश अब कुमाऊं मंडल को साधने पर है। इतना ही नहीं, प्रदेश भाजपा ने राष्ट्रीय नेतृत्व से विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य के पांचों लोकसभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री की एक-एक जनसभा का कार्यक्रम निर्धारित करने का आग्रह भी किया है। इस पहल से पार्टी राज्य में अपनी स्थिति और मजबूत करने का प्रयास करेगी।

यह किसी से छिपा नहीं है कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से उत्तराखंड में नमो मैजिक भाजपा की विजय यात्र में एक बड़ा फैक्टर रहा है। तब से वर्ष 2019 तक के सभी चुनावों में राज्य में भाजपा अजेय रही है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में तो पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल कर इतिहास रचा था। अब पार्टी के सामने चुनौती ऐसा ही प्रदर्शन अगले साल की शुरुआत में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में दोहराने की है। इसके मद्देनजर पार्टी ने फील्डिंग सजाई है, लेकिन वह यह भी जानती है कि नमो फैक्टर उसकी जीत की राह को और सुगम बनाएगा।

वैसे भी प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। समय-समय पर वह यहां आकर उत्तराखंड से अपने जुड़ाव को प्रदर्शित भी करते हैं। जाहिर है कि उनकी लोकप्रियता को भुनाने का भाजपा हरसंभव प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में देहरादून में हुई प्रधानमंत्री की रैली के माध्यम से भाजपा ने गढ़वाल मंडल को साधने का प्रयास किया। इससे उत्साहित भाजपा अब कुमाऊं मंडल में भी ऐसा ही प्रयास करने जा रही है। देहरादून की तरह कुमाऊं की रैली में भी प्रधानमंत्री कई योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी कर सकते हैं। इसे लेकर कसरत भी शुरू हो गई है। इंतजार है तो बस प्रधानमंत्री कार्यालय से हरी झंडी मिलने का।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि कुमाऊं मंडल में 24 दिसंबर को प्रधानमंत्री की रैली प्रस्तावित है। इसके बाद यह भी प्रयास है कि राज्य के पांचों लोकसभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री की कम से कम एक-एक बड़ी जनसभाएं हो जाएं। इस बारे में राष्ट्रीय नेतृत्व से आग्रह किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments