देहरादून। स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के बाद अब इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। इसके चलते उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) अब आगामी भर्तियों को लेकर बेहद सतर्क हो गया है। आयोग की बोर्ड बैठक मंगलवार को आयोग अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया की अध्यक्षता में होगी, जिसमें भावी परीक्षाओं को लेकर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, आयोग के परीक्षा कैलेंडर के अनुसार आगामी 5 अक्तूबर को सहकारी निरीक्षक और सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) की परीक्षा प्रस्तावित है। वहीं, 12 अक्तूबर को सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 और प्राविधिक सहायक वर्ग-1 की परीक्षा होनी है। इसके अलावा 28 अक्तूबर से वन दरोगा के 124 पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जानी है।
हालांकि स्नातक स्तरीय परीक्षा पर उठे सवालों और सीबीआई जांच के बाद अब आयोग बेहद सतर्क हो गया है। यही कारण है कि सोमवार को 5 अक्तूबर की परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए, जबकि इन्हें उसी दिन जारी किया जाना था। माना जा रहा है कि अब बोर्ड बैठक में परीक्षाओं की समय-सारणी, प्रक्रिया और सुरक्षा उपायों को लेकर पुनर्विचार किया जा सकता है।
अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। ऐसे में बोर्ड बैठक से इन परीक्षाओं को लेकर कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है।

