देहरादून : उत्तराखंड में बुधवार शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा।
पूरी रात रुक-रुक कर बारिश होती है। इससे पारे में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं रुद्रप्रयाग में गौरीकुंड में केदारनाथ हाईवे बंद हो गया है। चमोली में गुरुवार की सुबह बारिश थम गई। यहां बारिश से हुए भूस्खलन से गैरसैंण के आगरचट्टी में तीन मकानों को क्षति पहुंची है। बदरीनाथ हाईवे सुचारू है।
केदारनाथ गौरीकुंड हाईवे चन्द्रापुरी के पास अवरुद्ध
देहरादून में गुरुवार रात को बारिश (Uttarakhand Rains)का दौर जारी रहा। जिससे तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। ऋषिकेश आसपास क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही है। मसूरी में भी बीती मध्य रात्रि से भयंकर बारिश हो रही है।
रुड़की में बादल छाए हैं और बूंदाबांदी हो रही है। रुद्रप्रयाग जनपद में रात्रि से हल्की बारिश हो रही है। यहां केदारनाथ गौरीकुंड हाईवे चन्द्रापुरी के पास अवरुद्ध है।
गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर बाधित
बारिश के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गए हैं। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंदरकोट के पास अवरुद्ध है, जबकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सिल्क्यारा सहित कई स्थानों पर अवरुद्ध है।

