Saturday, March 7, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डआप नेता की फिसली जुबान तो हरीश रावत और मदन कौशिक ने...

आप नेता की फिसली जुबान तो हरीश रावत और मदन कौशिक ने छोड़े बयानी बाण

आम आदमी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय की एक टीवी चैनल की डिबेट में जुबान फिसली तो पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने आम आदमी पार्टी पर बयानी बाण छोड़ने शुरू कर दिए।

भूपेश ने उत्तराखंड की छवि के बारे में ऐसी बात कही कि जिसे भाजपा और कांग्रेस ने तूल दे दिया है और आप से माफी मांगने की मांग कर डाली है। मामला एक टीवी चैनल में डिबेट से जुड़ा है। उस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मंचासीन थे। भूपेश ने कहा कि पहाड़ के आदमी की ऐसी छवि बनी हुई है कि कहते हैं कि घर के लिए नौकर भेज देना। ड्राइवर भेज देना। उनके इस बयान पर मंच पर बैठे भाजपा और कांग्रेस के अध्यक्षों ने विरोध शुरू कर दिया।

अब सोशल मीडिया पर आप नेता का बयान वायरल हो रहा है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपनी फेसबुक वॉल पर पोस्ट लिखी है। उन्होंने लिखा है कि कि आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष ने उत्तराखंड वासियों पर एक बहुत ही अपमानजनक टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, आप नेता यह भूल गए कि दिल्ली और देश में उत्तराखंड का मतलब गोविंद बल्लभ पंत भी है। सीडीएस जनरल बिपिन रावत भी है। उसका अर्थ वीरता और शौर्य की दुनिया में आज भी प्रतीक माने जाने वाले जसवंत सिंह रावत से भी है। उसका अर्थ कई ऐसे शीर्ष पदों पर विद्यमान उत्तराखंडी भी हैं। सीमाओं के रक्षक व राष्ट्र निर्माण में लगे हुए उत्तराखंडी भी हैं। हमें गर्व है कि हमको लोग एक भरोसे के लायक समझकर अपने घरों में भी स्थान देते हैं और अपनी सुरक्षा भी सौंपते हैं। लेकिन जिस रूप में आप पार्टी के अध्यक्ष ने कहा उसके लिए आम आदमी पार्टी को उत्तराखंड के लोगों से क्षमा मांगनी चाहिए।

आप नेताओं से डिबेट का बायकॉट करेगी भाजपा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने आप नेता उपाध्याय के बयान के बहाने आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि आप का यही चरित्र है। आप ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर भी देश और सैनिकों का अपमान किया था। आप नेता का बयान बेहद अफसोसजनक है। इसके लिए आम आदमी पार्टी को भी माफी मांगनी होगी। पार्टी ने तय किया है कि आप यदि माफी नहीं मांगेंगी तो भाजपा का कोई नेता उनके साथ डिबेट में शामिल नहीं होगा। यानी माफी न मांगने पर भाजपा आप नेताओं के साथ होने वाली डिबेट का बायकॉट करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments