उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को अपने उत्कृष्ट एवं साहसिक रेस्क्यू कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल रही है। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के कुशल नेतृत्व में किए जा रहे प्रभावी कार्यों को देखते हुए अमेरिकी दूतावास ने एसडीआरएफ को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है।
एसडीआरएफ द्वारा चमोली जनपद के माउंट चौखंबा में फंसी दो विदेशी महिला ट्रेकरों, बदरीनाथ के वसुधारा क्षेत्र में फंसे विदेशी ट्रैकर तथा गंगोत्री सहित अन्य दुर्गम एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित रेस्क्यू ऑपरेशनों का सफल और सुरक्षित संचालन किया गया। इन चुनौतीपूर्ण अभियानों में एसडीआरएफ के कार्मिकों ने अदम्य साहस, तकनीकी दक्षता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया।
अमेरिकी दूतावास की ओर से दिया गया स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने ग्रहण किया। यह सम्मान न केवल एसडीआरएफ की कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि भविष्य में बल के कार्मिकों के मनोबल को नई ऊर्जा देते हुए आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

