Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड: भाजपा प्रदेश संगठन में बदलाव की तैयारी

उत्तराखंड: भाजपा प्रदेश संगठन में बदलाव की तैयारी

देहरादून। मुख्यमंत्री पद पर अप्रत्याशित तरीके से बदलाव के बाद अब भाजपा नेतृत्व प्रदेश संगठन में भी बदलाव की तैयारी में है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के स्थान पर मदन कौशिक को संगठन की कमान सौंपी जा सकती है। कौशिक के गुरुवार के दिल्ली दौरे और केंद्रीय नेताओं से मुलाकात को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। भगत को तीरथ मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। तीरथ कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 5 बजे राजभवन में होगा।

भाजपा हाईकमान ने अचानक ही उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन का कदम उठाते हुए त्रिवेंद्र सिंह रावत के स्थान पर पौड़ी गढवाल सांसद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंप दी। अब चुनावी वर्ष में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी बदलाव संभावित माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को प्रदेश संगठन का नया मुखिया बनाया जा सकता है। कौशिक गुरुवार को अचानक दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली में उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा, राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत कई केंद्रीय नेताओं से भेंट की। इस घटनाक्रम को भी अब उन्हें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना से जोड़कर देखा जा रहा है।

उधर, तीरथ कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 5 बजे राजभवन में होगा। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य आज एक दिनी दौरे पर हाथरस गई हैं और वह दोपहर बाद तीन बजे देहरादून लौटेंगी। सूत्रों का कहना है कि तीरथ की टीम में मदन कौशिक के अलावा बाकी सभी वे चेहरे रिपीट किए जा सकते हैं, जो त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल का हिस्सा थे। जिन नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है, उनमें पिथौरागढ जिले से बिशन सिंह चुफाल, नैनीताल से बंशीधर भगत, चमोली से महेंद्र भटट के नाम चर्चा में हैं।

इन जिलों से त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल में कोई सदस्य शामिल नहीं था। महिलाओं का मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व बढ़ने की स्थिति में ऋतु खंडूडी या चंद्रा पंत को दावेदार बताया जा रहा है। हालांकि चर्चा इस बात की भी है कि त्रिवेंद्र की टीम का हिस्सा रहे कांग्रेस पृष्ठभूमि के एक सदस्य को इस बार ड्राप किया जा सकता है, लेकिन भाजपा सूत्रों का कहना है कि इस बात की संभावना नहीं है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments