देहरादून | उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में आज तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही, 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले:
देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार। इन जिलों में तेज बारिश के साथ-साथ 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। राज्य के अन्य पांच जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी:
रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों, जैसे केदारनाथ, बद्रीनाथ, हेमकुंड और औली में बर्फबारी के भी आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि प्रदेश में 8 अक्तूबर तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। विशेष रूप से 6 और 7 अक्तूबर को भारी से भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने जानकारी दी कि, “प्रदेश में निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिससे भारी बारिश और बर्फबारी की स्थितियां बन रही हैं। लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।”

