उत्तराखंड में एक बार फिर आसमानी आफत ने तबाही मचा दी है। राज्य के विभिन्न जिलों में हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जिलों में बारिश ने कहर बरपाया है। कई जगहों पर मलबा घरों में घुस गया है, सड़कें बंद हो गई हैं और कई लोग लापता हैं। प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।
कर्णप्रयाग में मूसलाधार बारिश, घरों में घुसा मलबा
कर्णप्रयाग के कालेश्वर क्षेत्र में भारी बारिश के बाद पहाड़ से मलबा गिरा, जो कई घरों में घुस गया। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य जारी है। पुलिस भी मौके पर तैनात है। साथ ही अलकनंदा और पिंडर नदी का जलस्तर भी खतरनाक रूप से बढ़ गया है। सुभाषनगर में पहाड़ी से बोल्डर और मलबा गिरने के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई है।
चमोली जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित
चमोली जिले में भारी बारिश को देखते हुए शुक्रवार को सभी विकास खंडों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। देवाल क्षेत्र में कई जगहों पर सड़कें टूट गई हैं। थराली, आदिबदरी और कर्णप्रयाग में भी लगातार बारिश से लोग डरे हुए हैं।
रुद्रप्रयाग में महिला की मौत, 20 से ज्यादा लोग लापता
रुद्रप्रयाग जिले के टेंडवाल गांव में बादल फटने से मलबे में दबने से एक महिला की मौत हो गई है। यहां 18 से 20 लोगों के लापता होने की खबर है। प्रशासन की टीमें राहत-बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
चमोली के देवाल ब्लॉक में तबाही
देवाल ब्लॉक के मोपाटा गांव में बृहस्पतिवार रात बादल फटने से कई घर मलबे में दब गए हैं। जिलाधिकारी संदीप तिवारी के अनुसार, गांव के तारा सिंह और उनकी पत्नी लापता हैं, जबकि विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल हुए हैं। इनके घर और गोशाला भी मलबे में दब गई है। 15 से 20 मवेशियों के मरने की आशंका जताई जा रही है।
टिहरी के गेंवाली गांव में भी बादल फटा
टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव में भी बादल फटने की घटना हुई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि यहां किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। वहीं, रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक के छेनागाड़, बांगर सहित कई गांवों में अतिवृष्टि के कारण भारी नुकसान हुआ है।
प्रशासन अलर्ट मोड में, राहत कार्य जारी
लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में हालात बेहद खराब हो गए हैं। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है और लापता लोगों की तलाश जारी है।

