Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में बारिश ने फिर बढ़ाई ठंड, नैनीताल सहित चारों धाम में...

उत्तराखंड में बारिश ने फिर बढ़ाई ठंड, नैनीताल सहित चारों धाम में हुई बर्फबारी

देहरादून। बृहस्पतिवार रात गरज चमक के साथ पड़ी बारिश की फुहारों ने मौसम में एक बार फिर ठंड बढ़ा दी। इससे न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, शुक्रवार को हल्के बादल छाए रहने और तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। मसूरी में भी रात से शुरू हुई बारिश सुबह तक रुक-रुक कर होती रही।

वहीं नैनीताल, धनोल्टी सहित चार धामों की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। नैनीताल में बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे से बारिश जारी है। वहीं आज नैनीताल शहर और ऊंची चोटियों पर इस सीजन में आठवीं बार बर्फबारी हुई है। हालांकि बारिश के कारण शहर में बर्फ रुक नहीं पाई।

चैखुटिया, लोहाघाट, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, काशीपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, बागेश्वर, जसपुर, भीमताल, किच्छा, रानीखेत, मुनस्यारी, पंतनगर, रामनगर सहित कुमाऊं के लगभग सभी इलाकों में रात से ही रुक-रुक का बारिश जारी है। आज सुबह 6.30 बजे से टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में मलबा आने से बेलखेत व स्वांला के पास सड़क बंद हो गई है।

कुछ इलाकों में तेज आंधी चलने का भी अनुमान
गढ़वाल में श्रीनगर, चमोली, रुद्रप्रयाग, यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी, उत्तरकाशी, नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। चमोली और रुद्रप्रयाग की ऊंची चोटियों में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आज हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में तेज आंधी चलने का भी अनुमान है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, अगले कुछ दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहने का अनुमान है।

देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में आज भी 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में ओले गिरने का अनुमान है। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले दो-तीन दिन कई स्थानों पर बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments