देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज दौर की बारिश की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज बारिश के कई दौर चलने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न के कारण मानसून की बारिश सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी राहत के आसार नहीं हैं। 18 सितंबर तक प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश की गंभीरता को देखते हुए टिहरी जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से यात्रा से बचें।

