देहरादून। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हुए एक वर्ष पूरा होने पर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यूसीसी को लेकर राज्य सरकार और बीजेपी पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यूसीसी सनातन धर्म पर सीधा हमला है और इसे लेकर बीजेपी चाहे जितनी भी तारीफ कर ले, इससे हकीकत नहीं बदलने वाली।
हरीश रावत ने कहा कि यूसीसी को जिस तरह लागू किया गया है, वह सनातन परंपराओं और सामाजिक संरचना के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है, जबकि ज़मीनी समस्याओं से ध्यान भटकाया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर यह भी आरोप लगाया कि उसके पास जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहा पलायन, बेरोजगारी की समस्या, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार के पास कोई ठोस जवाब नहीं है।
हरीश रावत ने कहा कि इन बुनियादी सवालों से बचने के लिए बीजेपी यूसीसी जैसे मुद्दों का ढोल पीट रही है, लेकिन इससे आम जनता की परेशानियां कम होने वाली नहीं हैं।

