Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में शाम आठ बजे तक खुली रहेंगी दुकानें, सुबह जा सकेंगे...

उत्तराखंड में शाम आठ बजे तक खुली रहेंगी दुकानें, सुबह जा सकेंगे मॉर्निंग वाक पर

देहरादून। अब सूबे में सभी जनपदों में दुकानें शाम आठ बजे तक खुल सकेंगी। साथ ही लोगों को सुबह पांच बजे से मॉर्निंग वाक पर भी जा सकेंगे। वहीं, देहरादून में अगले सप्ताह से शनिवार और रविवार को भी मार्केट को खोलने के निर्देश दिए गए है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह निर्देश शनिवार को सचिवालय में कोविड-19 एवं डेंगू के रोकथाम एवं बचाव के लिए सभी जिलाधिकारियों से वीडियो कॉन्‍फ्रेंस के माध्यम से बैठक के दौरान दिए।

डेंगू से बचाव के लिए चलाया जाए जनजागरूकता अभियान

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि डेंगू से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाय। स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिन जनपदों में पिछले वर्षों में डेंगू का फैलाव कम रहा, उन जनपदों में हम इसे पूरी तरह कैसे नियंत्रित कर सकते हैं, इसके लिए ठोस रणनीति बनाई जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अस्पतालों में प्लेटलेट्स की पर्याप्त उपलब्धता हो। नगर निकायों द्वारा समय-समय पर फोगिंग की जाए। डेंगू से बचाव में रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार हो इसके लिए डॉक्टर समय-समय पर मीडिया से समन्वय स्थापित करे। शहरी क्षेत्रों में डेंगू से बचाव के लिए स्वच्छता एवं जल निकासी पर विशेष ध्यान दिया जाय। प्रत्येक जनपद में सप्ताह में एक दिन व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए।

पेयजल व्यवस्था की ओर दिया जाए विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल व्यवस्था की ओर विशेष ध्यान दिया जाए। पर्वतीय जनपदों में वर्षाकाल में पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त होने से व दूषित जल से बीमारियों की आशंका बढ़ जाती हैं। विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए जन प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाये रखें। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

सभी जनपदों में दुकानों को शाम आठ बजे तक खोलने की अनुमति

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के प्रभावी नियंत्रण के लिए सर्विलांस सिस्टम को और अधिक मजबूत किया जाए। जो लोग होम क्वारंटीन एवं एवं होम आइसोलेशन की लगातार निगरानी की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाय। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी जनपदों में दुकानों को शाम आठ बजे तक खोलने की अनुमति दी जाए। देहरादून में अगले सप्ताह से शनिवार और रविवार को भी मार्केट को खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को सुबह पांच बजे से मार्निंग वाक की अनुमति दी जाए।

रिकवरी रेट में तेजी से हुआ सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना पॉजिटव की रिकवरी रेट में तेजी से सुधार हुआ है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता एवं सुरक्षतात्मक दृष्टि से कार्य करने को कहा। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में अब 1700 से अधिक टेस्ट प्रतिदिन हो रहे हैं। सोमवार से मुक्तेश्वर में भी कोरोना की टेस्टिंग शुरू हो जाएगी। यहां पर प्रतिदिन 100 टेस्ट होंगे। बैठक में सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी, सचिव शैलेश बगोली, सौजन्या, एसए मुरूगेशन, पंकज पाडेय, डीजी स्वास्थ्य अमिता उप्रेती आदि उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments