Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्‍तराखंड में मैदान से पहाड़ तक बही देशभक्ति की बयार, केदारनाथ में...

उत्‍तराखंड में मैदान से पहाड़ तक बही देशभक्ति की बयार, केदारनाथ में फहराया विशाल तिरंगा

देहरादून/ रुद्रप्रयाग/चमोली : पूरे देश में आजादी के अमृत महोत्सव का उल्लास है। यह उल्‍लास उत्‍तराखंड में भी खूब नजर आ रहा है। इसी क्रम में चारधाम मंदिरों में भी हर घर तिरंगा की धूम दिखाई दे रही है।

रविवार को केदारनाथ धाम में घने कोहरे के बीच लोग मानव श्रंखला बनाकर विशाल तिरंगा लेकर खड़े रहे। इस दौरान अन्‍य लोगों के हाथ में भी छोटे-छोटे तिरंगे दिखाई दिए। वहीं बदरीनाथ धाम में भी आइटीबीपी के जवानों ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान चारों ओर भक्ति रस के साथ ही देशभक्ति की बयार बहने लगी।

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बदरीनाथ धाम को रोशनी से जगमग किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के साथ ही प्रत्येक तीर्थ यात्री दर्शनों के लिए लाइन में तिरंगा लेकर शामिल होगा।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति प्रत्येक तीर्थ यात्री को तिरंगा उपलब्ध कराएगी।वहीं, केदारनाथ मंदिर परिसर में शनिवार को भी प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति की ओर से मानव श्रृंखला बनाकर तिरंगा रैली निकाली गई।

इसमें तीर्थ यात्रियों के साथ ही धाम में तैनात अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित व व्यापारी शामिल हुए। गंगोत्री धाम में भी तीर्थ पुरोहितों व तीर्थ यात्रियों ने तिरंगा रैली निकाली। जबकि, यमुनोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों ने तिरंगा फहराया।

आजादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चारधाम में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ धाम आने वाले हर वाहन में समिति की ओर से तिरंगा लगाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के साथ तीर्थ यात्रियों की लाइन ऐसी दिखाई देगी, मानो मानव श्रृंखला हो।

केदारनाथ धाम में प्रत्येक तीर्थ पुरोहित के घर, होटल, लाज व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराया गया। साथ ही तीर्थ यात्रियों को भी तिरंगा वितरित किए गए।

गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने कहा कि गंगोत्री धाम में आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर तीर्थ पुरोहितों, तीर्थ यात्रियों, व्यापारियों व साधु-संतों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मंदिर परिसर सहित धर्मशाला, आश्रम, दुकान व होटलों पर तिरंगा लगाया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments