ऋषिकेश। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 जनवरी को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गीता भवन स्वर्गाश्रम में आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी शाम करीब तीन बजे प्रस्तावित है, जबकि साढ़े चार बजे तक वे स्वर्गाश्रम में रहेंगे।
गीता प्रेस से प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 20 से 22 जनवरी तक गीता भवन स्वर्गाश्रम में शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 21 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के बाद शाम को उनका हरिद्वार में शांतिकुंज और पतंजलि योगपीठ जाने का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है। गृह मंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

