उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने एंजेल के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुखद घटना पर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उस पर इनाम घोषित कर दिया गया है और उसे पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह इस घटना से व्यक्तिगत रूप से बेहद आहत हैं और पीड़ित परिवार के दर्द को पूरी तरह समझते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में हमेशा से सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा है, जहां देश-विदेश से छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं। इस तरह की घटना हम सभी के लिए पीड़ादायक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि घटना के बाद उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी इस विषय में चर्चा की है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पूरी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की सहायता के लिए वह त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी संपर्क में रहेंगे और उत्तराखंड सरकार की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

