Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डएमडीडीए के कार्यों की सुस्त रफ्तार से स्पीकर खफा, जल्द पूरा करने...

एमडीडीए के कार्यों की सुस्त रफ्तार से स्पीकर खफा, जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के माध्यम से किए जा रहे निर्माण और प्रस्तावित कार्यों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने एमडीडीए के अधिकारियों के संग समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान अग्रवाल ने निर्माण कार्यों में हो रही लेटलतीफी पर नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने अधिकारियों से सकारात्मक कार्यवाही करते हुए शीघ्रता से निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

वीरभद्र मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष ने बैठक के दौरान एमडीडीए के माध्यम से क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुरकला, गुमानीवाला, श्यामपुर, मोतीचूर, गढ़ी मयचक सहित क्षेत्रों की प्रस्तावित 32 से अधिक आंतरिक सड़क मार्गो की प्रगति के संबंध में समीक्षा की, जिसमें उपाध्यक्ष आरएस चौहान ने क्षेत्र में हरिपुरकलां में बनाई गई और शेष कार्य की प्रगति की जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान त्रिवेणी घाट के सौंदर्यीकरण कार्य, आईडीपीएल से श्यामपुर क्रॉसिंग तक प्रकाश पथ व्यवस्था कार्य की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से समीक्षा की।

उन्होंने पूर्व में प्रस्तावित क्षेत्र के आवास विकास, गंगानगर, आइएसबीटी, ऋषिलोक कॉलोनी के पार्कों के सौंदर्यीकरण और सुदृढ़ीकरण किए जाने के संबंध में विभाग को फिर से निर्देशित किया। वहीं उन्होंने ऋषिकेश में प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था के संबंध में एमडीडीए के द्वारा अभी तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पार्किंग की समस्या को देखते हुए गंभीरता से शीघ्र समाधान करने के लिए कहा। विधानसभा अध्यक्ष ने ऋषिकेश के विभिन्न चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्य किए जाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित भी किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने एमडीडीए के अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग द्वारा निर्माण कार्य में लेटलतीफी की जा रही है, जो कि बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाने की भी बात कही। अग्रवाल ने तीर्थनगरी ऋषिकेश की आध्यात्म महत्ता को देखते हुए शहर की दीवारों पर आध्यात्म से ओतप्रोत वॉल पेंटिंग कराए जाने की भी बात अधिकारियों से कही।

बैठक में उपस्थित एमडीडीए के उपाध्यक्ष आरएस चौहान ने कहा कि एमडीडीए से निर्मित होने वाले सभी विकास कार्यों को गंभीरता से लेकर शीघ्र ही प्रारंभ करवाया जाएगा। वहीं सचिव हरवीर सिंह ने कहा कि वह हर हफ्ते के शनिवार को ऋषिकेश स्थित एमडीडीए के कार्यालय में बैठने की बात कही, साथ ही कहा कि उनका एक अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में बैठकर क्षेत्र की एमडीडीए से संबंधित समस्याओं का निदान करेगा। इस अवसर पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष आर एस चौहान, सचिव हरवीर सिंह के साथ ही अधीक्षण अभियंता हरीश चंद सिंह राणा, सहायक अभियंता पी एन बहुगुणा एवं अवर अभियंता प्रमोद मेहरा भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments