देहरादून। उत्तराखंड एसडीआरएफ के जवान त्रिलोक सिंह ने देशभर की पुलिस व केंद्रीय बलों के बीच आयोजित 74वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता (60 किग्रा भार वर्ग) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर उत्तराखंड पुलिस का नाम रोशन किया है।
यह प्रतियोगिता हरियाणा के मधुबन स्थित पुलिस अकादमी में आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयों और केंद्रीय सुरक्षा बलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कठिन प्रतिस्पर्धा और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के बीच त्रिलोक सिंह ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से रजत पदक पर कब्जा जमाया।
एसडीआरएफ उत्तराखंड के इस जवान की उपलब्धि पर विभाग सहित समूचे राज्य को गर्व है। त्रिलोक सिंह की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि उत्तराखंड पुलिस की खेलों में बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्टता को भी दर्शाती है।

