Tuesday, March 10, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डगांधी पार्क आज से फिर खुला, पैदल सैर या जागिंग की ही...

गांधी पार्क आज से फिर खुला, पैदल सैर या जागिंग की ही अनुमति; जानें समय

देहरादून। अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर के कारण बंद किया गया गांधी पार्क आज से फिर खुल गया है। हालांकि, अभी पार्क में केवल पैदल सैर या जागिंग की ही अनुमति दी गई है। पार्क रोज सुबह चार घंटे यानी पांच बजे से सुबह नौ बजे तक, जबकि शाम को पांच बजे से रात आठ बजे तक तीन घंटे खुला रहेगा। मास्क के बिना किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा और पार्क में शारीरिक दूरी का पालन भी जरूरी रहेगा। थर्मल स्क्रीनिंग भी करने के आदेश दिए गए हैं।

पार्क खोलने से पूर्व शुक्रवार को महापौर सुनील उनियाल गामा ने निगम अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम कर्मचारियों को सुबह से पार्क की साफ-सफाई में लगाया गया था। पार्क में काफी झाड़ियां उग गई थीं, जिन्हें हटाया गया। जागिंग ट्रैक भी साफ किया गया और म्यूजिकल फाउंटेन का पूल भी साफ कराया गया।

कोरोना की दूसरी लहर की वजह से पार्क करीब ढाई माह से बंद है। इस समय कोरोना संक्रमण कम होने पर चूंकि सरकार ने बाजार, दफ्तर के साथ ही पार्क आदि को भी खोलने की मंजूरी दे दी है। ऐसे में कुछ वरिष्ठ नागरिकों ने महापौर सुनील उनियाल गामा से मुलाकात कर शहर के मुख्य गांधी पार्क को फिर सैर के लिए खोलने की मांग की थी। जिसके बाद महापौर ने शनिवार से पार्क खोलने के आदेश दिए थे।

दरअसल, गांधी पार्क में रोजाना बड़ी संख्या में बुजुर्ग व सामान्य जन सुबह और शाम सैर करते हैं। पार्क बंद होने से जनता को सैर में परेशानी हो रही। महापौर ने कहा कि पार्क में साफ सफाई के साथ-साथ डेंगू से बचाव के मद्देनजर फागिंग भी करा दी गई है। पार्क के गेट पर दो गार्ड तैनात करने समेत गेट पर सैनिटाइजर मशीन लगाने और हाथों का सैनिटाइजेशन कराने के बाद पार्क में प्रवेश करने देने के निर्देश दिए हैं। अभी पार्क में सैर और जागिंग के अलावा किसी गतिविधि की अनुमति नहीं मिलेगी।

बंद रहेगा जिम और चिल्ड्रेन पार्क

संक्रमण के मद्देनजर अभी गांधी पार्क में चिल्ड्रेन पार्क व ओपन जिम बंद ही रहेंगे। ओपन जिम में लगे उपकरणों का बार-बार प्रयोग करने से संक्रमण का खतरा रहता है। संक्रमण की दर कम होने पर ओपन जिम व चिल्ड्रेन पार्क खोले जा सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments