Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आज से शुरू होगा बजट सत्र

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आज से शुरू होगा बजट सत्र

देहरादून। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू होगा। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के बजट अभिभाषण से सत्र की शुरुआत होगी। सत्र में पहले ही दिन से हंगामे के आसार हैं।

रविवार को भराड़ीसैंण पहुंचीं नेता प्रतिपक्ष डॉ.इंदिरा हृदयेश ने कांग्रेस विधायकों की बैठक बुलाई और रणनीति पर मंथन किया। उधर, संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने सदन शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए विपक्ष से सहयोग की अपील की। इस बीच मुख्यमंत्री ने भी भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में फ्लोर मैनेजमेंट पर चर्चा की।

सत्र में शामिल होने के लिए राज्यपाल रविवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे भराड़ीसैंण पहुंच गईं थीं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी द्वाराहाट में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलीकॉप्टर से शाम को भराड़ीसैंण पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही सरकार के कई प्रमुख मंत्री, भाजपा और कांग्रेस के विधायक, विधानसभा उपाध्यक्ष, शासन के आला अधिकारी व कर्मचारी भराड़ीसैंण पहुंच चुके हैं।

कार्यमंत्रणा समिति की बैठक विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सत्र की कार्यसूची (एजेंडे) को लेकर चर्चा हुई।
स्पीकर और भाजपा अध्यक्ष नहीं पहुंचे भराड़ीसैंण
बजट सत्र में शामिल होने के लिए रविवार को मुख्यमंत्री, राज्यपाल, सरकार के कई मंत्री तो भराड़ीसैंण पहुंच गए, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भराड़ीसैंण नहीं पहुंचे। वह सोमवार सुबह हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत भी अस्वस्थ होने के कारण रविवार को भराड़ीसैंण नहीं पहुंचे।

चार मार्च को पेश होगा बजट
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सदन की कार्यवाही के एजेंडे पर चर्चा हुई। प्रदेश सरकार का बजट चार मार्च को पेश होगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सदन के पटल पर बजट रखेंगे। 

सीएम ने ली बैठक, होमवर्क के साथ आएंगे मंत्री
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भाजपा विधानमंडल दल की बैठक ली। बैठक में सदन के भीतर सत्तापक्ष के सदस्यों की भूमिका पर चर्चा हुई। साथ ही मंत्रियों से अपेक्षा की गई कि वे पूरे होमवर्क के साथ सदन में आएंगे। सदस्यों को राज्य सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और योजनाओं से जुड़े विषय उठाने को कहा गया है। संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने बैठक का संचालन किया।

सत्र के लिए सरकार की पूरी तैयारी है। सर्वदलीय बैठक में विपक्ष से सदन शांतिपूर्ण ढंग से चलाने की अपील की गई है। विपक्ष ने पूरा सहयोग किया है। आशा करते हैं कि सत्र के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक और सारगर्भित चर्चा होगी।
– मदन कौशिक, संसदीय कार्यमंत्री

सदन में उठाने के लिए हमारे पास कई विषय हैं। प्रदेश सरकार की कई कमियां हैं, जिन्हें हम सामने लाएंगे, प्रश्नों के जवाब मांगेंगे। हमें ऐसा लगता है कि बेरोजगारी, महंगाई, खेती किसानी, विकास के मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं रही है।
– डॉ. इंदिरा हृदयेश, नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments