Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनचकराता सीएचसी के नवीनीकरण और स्थानांतरण पर डीएम का स्थलीय निरीक्षण

चकराता सीएचसी के नवीनीकरण और स्थानांतरण पर डीएम का स्थलीय निरीक्षण

देहरादून: चकराता क्षेत्रवासियों को जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने जा रही हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चकराता का स्थलीय निरीक्षण कर न केवल वर्तमान सीएचसी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि नए स्थान के चयन हेतु स्वयं पहाड़ चढ़कर निरीक्षण भी किया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि संकरे बाजार, सीमित स्थान और कैंट क्षेत्र की कानूनी जटिलताओं के कारण वर्तमान सीएचसी को स्थानांतरित करना समय की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में चकराता क्षेत्र को एक आधुनिक, सुविधायुक्त और प्राकृतिक संसाधनों से युक्त सीएचसी प्रदान करने की दिशा में प्रशासन सक्रियता से कार्य कर रहा है।

नए सीएचसी में होंगी ये प्रमुख सुविधाएं:
नए सीएचसी परिसर में ओपीडी, फार्मेसी, ऑपरेशन थिएटर, महिला व पुरुष वार्ड, पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र, लैब, डॉक्टरों के आवास सहित सभी आवश्यक सेवाएं समुचित स्थान पर उपलब्ध होंगी।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को शीघ्र भवन निर्माण का आगणन तैयार करने के निर्देश दिए हैं, वहीं जियोलॉजिकल सर्वे और भूमि परीक्षण कराए जाने का भी आदेश दिया गया है।

वर्तमान सीएचसी में भी होंगे व्यापक सुधार:
फिलहाल, विद्यमान सीएचसी में भी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

पंजीकरण काउंटर और ओपीडी का विस्तार

प्रसूति कक्ष में एलईडी फोकस लाइट की स्थापना हेतु तत्काल फंड स्वीकृति

आरवीजी एक्सरे मशीन की शीघ्र मरम्मत

लाइटिंग व्यवस्था को बेहतर करने हेतु बजट प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

रजिस्ट्रेशन एवं दवा काउंटर का भी शीघ्र विस्तारीकरण किया जाएगा

स्थानीय जनभावनाओं का सम्मान:
स्थानीय लोगों ने अस्पताल को छावनी बाजार से ग्वासा पुल क्षेत्र में शिफ्ट किए जाने पर आपत्ति जताते हुए अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं। नागरिकों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल सार्वजनिक परिवहन व अन्य सुविधाओं से वंचित है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

निरीक्षण में मौजूद रहे अधिकारी:
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमके शर्मा, एसीएमओ डॉ. दिनेश चौहान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन वृहद जनहित में जल्द शासन को प्रस्ताव, प्लान और आख्या भेजेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुगम, सुलभ और आधुनिक बनाने की दिशा में यह कदम चकराता वासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments