Saturday, March 7, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डजरूरतमंदों की मदद को कांग्रेस ने बढ़ाया हाथ, सरकार को हरीश रावत...

जरूरतमंदों की मदद को कांग्रेस ने बढ़ाया हाथ, सरकार को हरीश रावत का समर्थन

देहरादून। लॉकडाउन के चलते गरीबों, श्रमिकों, असहायों की मदद को सत्तारूढ़ दल भाजपा की तर्ज पर प्रमुख प्रतिपक्षी दल कांग्रेस ने भी हाथ बढ़ाए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के विभिन्न स्थानों पर पार्टी नेता व कार्यकर्ता जरूरतमंदों को भोजन मुहैया कराने में जुट गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने दोबारा पार्टी के तमाम जनप्रतिनिधियों, नेताओं व पदाधिकारियों को जरूरतमंदों की मदद के प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी विधायकों, जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों से जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार क्षेत्रों में संपर्क करने को भी कहा है।

सरकार के आह्वान पर कांग्रेस विधायकों ने भी अपनी विधायक निधि से 15-15 लाख रुपये अपने-अपने जिलों को दिए हैं। कोरोना के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन के चलते प्रदेश में गरीबों, असहायों और मजदूरों के सामने पेट भरने का संकट है। इसे देखते हुए सत्तारूढ़ भाजपा ने मदद मुहैया कराने का काम शुरू कर दिया है।

प्रदेश संगठन की ओर से निर्देश मिलने के बाद जरूरतमंदों को भोजन मुहैया कराया जा रहा है। कांग्रेस विधायक अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभाले हैं। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष राकेश रस्तोगी हरिद्वार में मजदूरों और गरीबों को भोजन मुहैया करा रहे हैं।

देहरादून में रेसकोर्स, नेहरूकालोनी समेत कई इलाकों, खटीमा व रुद्रपुर में भुवन कापड़ी, किच्छा में हरीश पनेरू, रुद्रपुर में जिला महामंत्री हिमांशु गाबा समेत कई पार्टी पदाधिकारी व नेता इस मुहिम का हिस्सा हैं। श्रीनगर व पौड़ी में भी जरूरतमंदों को मदद पहु्ंचाई जा रही है। पूरे प्रदेश में पार्टी के लोगों को इस मुहिम का सक्रिय हिस्सा बनने के निर्देश दिए गए हैं। वह खुद पूरी स्थिति पर नजर रखे हैं। अपने विधानसभा क्षेत्र चकराता के गांवों में सेनिटाइजर, मास्क और अन्य सुरक्षा उपायों के लिए विधायक निधि से पांच लाख रुपये दिए हैं।

फंसे लोगों को राहत देने को सीएम को लिखा पत्र

प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पौड़ी जिले के विकासखंड पाबौ के ग्राम महासू में लॉकडाउन के कारण फंसे 20 लोगों और पिथौरागढ़ के विकासखंड गंगोलीहाट के ग्राम बुल्ली में फंसे 18 लोगों की भोजन व्यवस्था और घर वापसी के लिए व्यवस्था बनाने का अनुरोध किया।

त्रिवेंद्र को हरीश रावत का साथ

कोरोना के खिलाफ जंग में मोर्चा संभाले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत का समर्थन मिला है। उन्होंने 31 मार्च को लेकर सरकार के अपना ही फैसला बदलने का समर्थन किया है।

दरअसल अन्य राज्यों में रह रहे उत्तराखंडियों की घर वापसी को लेकर कांग्रेस के कई नेता भी सरकार पर दबाव बना रहे हैं। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को राज्य में वाहनों के अंतर्राज्यीय परिवहन को पहले अनुमति देने और बाद में मुख्यमंत्री की ओर से फैसले को बदलने के लिए बहुत आलोचनाएं हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि वह इस फैसले में मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं, ताकि कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में हम उत्तराखंड के मोर्चे पर विजय हासिल कर सकें। सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मुख्यमंत्री हमारे क्षेत्रीय कमांडर हैं। स्थितियों को देखकर कभी एक रणनीति बनानी पड़ती है, जब स्थिति बदलती है तो दूसरी रणनीति बनानी पड़ती है। इसलिए जो मुख्यमंत्री का निर्णय है, हम सबको उसे सपोर्ट करना चाहिए और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments