देहरादून— जिला प्रशासन देहरादून की सतत् निगरानी और कार्यशैली के चलते 17 नई सस्ता गल्ला राशन दुकानों की शुरुआत हो चुकी है, जबकि 12 नई दुकानों के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इस महत्वपूर्ण पहल के पीछे जिलाधिकारी सविन बंसल का सीधा संज्ञान और सक्रिय नेतृत्व रहा।
वर्षों पुरानी फाइल से निकली राहत की राह
जिला पूर्ति कार्यालय में वर्षों से दबे पड़े प्रस्तावों और फाइलों को जिलाधिकारी ने स्वयं बाहर निकाला, जिसके बाद नए दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया तेज की गई। इससे पहले, शहरी क्षेत्रों में एक ही उचित दर की दुकान पर भारी भीड़ जमा होती थी, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और आम उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी, सर्दी और बारिश में लंबी कतारों में खड़े रहना पड़ता था।
17 नई दुकानें धरातल पर, 12 के लिए आवेदन आमंत्रित
इन्वेस्ट उत्तराखंड पोर्टल के माध्यम से आए आवेदनों की चयन समिति की संस्तुति के आधार पर 17 उचित दर विक्रेताओं को नगर निगम व नगर पालिका क्षेत्रों में दुकानें आवंटित की गई हैं। अब 12 नई दुकानों के लिए टेंडर प्रक्रिया चालू है। ये टेंडर निम्नलिखित क्षेत्रों के लिए आमंत्रित किए गए हैं:
नगर निगम देहरादून: डालनवाला (दून विहार जाखन, कनाट प्लेस चुक्खुवाला), मियावाला (बालावाला), मोहकमपुर, ब्रह्मणवाला, रायपुर प्रथम (डांडा लखौण्ड – खुदानेवाला)
नगर पालिका मसूरी: बार्लोगंज
नगर निगम ऋषिकेश: अंबेडकर चौक, अद्वैतानंद मार्ग, मुखर्जी चौक, इंद्रा नगर, आशुतोष नगर
जनमानस को मिली राहत, स्थानीय युवाओं को मिला अवसर
इस पहल से जहां राशन उपभोक्ताओं को अब पास की दुकान से आसानी से राशन मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिले हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारू करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक उपलब्धि है।

