Saturday, March 7, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डट्रैफिक ज्यादा हुआ तो ऑड-ईवन व्यवस्था लागू करने पर होगा विचार

ट्रैफिक ज्यादा हुआ तो ऑड-ईवन व्यवस्था लागू करने पर होगा विचार

देहरादून। त्योहारी सीजन में राजधानी में यातायात व्यवस्था चिंता का सबब बनी हुई है। स्मार्ट सिटी के कार्यों के लिए सड़कों की खुदाई की वजह से रोजाना कई जगह जाम की स्थिति बन रही है। इसी क्रम में अब यहां पर ऑड-ईवन व्यवस्था लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, इससे पहले स्थिति सुधारने को लेकर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आईजी गढ़वाल रेंज ने बताया कि यदि जरूरत पड़ी तो ऑड-ईवन भी विकल्प हो सकता है।

छह माह से शहर में स्मार्ट सिटी के तहत खुदाई का काम चल रहा है। शहर की ज्यादातर व्यस्त रहने वाली सड़कों की चौड़ाई पहले के मुकाबले 50 फीसदी तक कम हो गई हैं। ऐसे में यहां पर यातायात सुचारु रखना बेहद मुश्किल हो रहा है। जिला पुलिस लगातार इसके लिए प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल कोई हल निकलता नहीं दिख रहा है।

अब आईजी गढ़वाल अभिनव कुमार ने यातायात व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। आईजी ने बताया कि त्योहारी सीजन में यातायात का दबाव पहले से कहीं अधिक हो जाएगा। ऐसे में जरूरी है कि इससे पहले ही विकल्प तलाश लिए जाएं। लोगों को पार्किंग आदि के लिए समय समय पर दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। साथ ही एक निर्धारित समय के लिए दिल्ली की तर्ज पर ऑड-ईवन व्यवस्था लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है। दून पुलिस को इस व्यवस्था की प्लानिंग करने को कहा गया है। इसमें वाहन संचालन से जुड़ीं एसोसिएशनों और संगठनों का भी सहयोग लेना होगा ताकि यातायात को सुचारु बनाया रखा जा सके।

हर सड़क पर धूल के गुबार और हांफता ट्रैैफिक

मौजूदा समय में अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा बुरे हालात हैं। स्मार्ट सिटी के कामों के लिए सड़कों पर हो रही खुदाई का आलम यह है कि इस समय धूल के गुबार और हांफता ट्रैफिक ही नजर आता है। स्मार्ट सिटी के लिए पुलिस भी खूब पसीना बहा रही है, लेकिन कोई सुधार की गुंजाइश फिलहाल नहीं दिख रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments