देहरादून। राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंगलवार को मुख्य कोषागार देहरादून में पेंशन जागरूकता एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान डीएम ने राज्य आंदोलनकारियों और वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित किया तथा कोषागार में सुविधाओं के व्यापक विस्तार की घोषणा की।
‘आरोहण’ सभागार का लोकार्पण – 25 लाख की लागत से तैयार आधुनिक सुविधा
जिलाधिकारी ने जिला प्लान से 25 लाख की लागत से निर्मित नए ‘आरोहण’ सभागार का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कोषागार परिसर में पेंशनरों की सहूलियत के लिए फेसिलिटेशन हॉल, दिव्यांगजन एवं महिलाओं हेतु शौचालय, पार्किंग शेड भी उपलब्ध कराए गए हैं। जिलाधिकारी ने कोषागार के तकनीकी सुदृढ़ीकरण के लिए मौके पर ही 10 नए कम्प्यूटर मंजूर किए।
संघर्ष और सेवा को सम्मान
शिविर में डीएम सविन बंसल ने राज्य आंदोलनकारी पेंशनरों — गायत्री ढौडियाल, कौशल्या रावत, सरोज सिंह बहुगुणा, राजेश्वर, तथा 100 वर्ष पूर्ण कर चुकी वरिष्ठ पेंशनर प्रेमवती डोभाल — को पुष्पगुच्छ, शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। गायत्री ढौडियाल को कार्यक्रम स्थल पर ही पेंशन भुगतान आदेश (PPO) की स्वीकृति प्रदान की गई।
“पेंशनरों को सम्मान के साथ उनका अधिकार मिलना चाहिए”— डीएम
समारोह को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि कोषागार में आने वाले सभी बुजुर्गों को सम्मान तथा सुविधा के साथ सेवाएँ मिलनी चाहिए। उन्होंने पेंशनरों को सुखी, स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने की शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें सामाजिक मेलजोल बढ़ाने, पढ़ने की आदत बनाए रखने और अपने अनुभव समाज को देने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता अभियान दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगा
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि पेंशन जागरूकता शिविर अत्यंत उपयोगी हैं और इनका आयोजन जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में भी किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक पेंशनरों तक जानकारी पहुँच सके। मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी ने बताया कि डीएम के निरीक्षण और मार्गदर्शन से कोषागार को पेंशनरों के लिए सरल, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने हेतु बजट स्वीकृत किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप आज यह सभी नई सुविधाएँ उपलब्ध हो सकी हैं।
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट पर विशेष जानकारी
शिविर में पेंशनरों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, साइबर सुरक्षा, आयकर अधिनियम, चिकित्सा प्रतिपूर्ति
से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। पेंशनरों को बताया गया कि वे अपना जीवन प्रमाण पत्र एड्रॉयड ऐप, कोषागार में बायोमेट्रिक डिवाइस, पोस्टमैन, जन सुविधा केंद्र माध्यम से आसानी से जमा कर सकते हैं।
कोषागार देहरादून के अंतर्गत लगभग 21,000 पेंशनर पेंशन प्राप्त करते हैं। पेंशनरों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। शिविर में पहुंची वरिष्ठ पेंशनरों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाएँ वितरित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी, सेवानिवृत्त सीटीओ पी.सी. खर्रे, पेंशन यूनियन अध्यक्ष ओमवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पेंशनर और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

