Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डतीन दिन बाद सामने आए दो कोरोना पॉजिटिव केस, संक्रमितों की संख्या...

तीन दिन बाद सामने आए दो कोरोना पॉजिटिव केस, संक्रमितों की संख्या पहुंची 63

देहरादून। उत्तराखंड में तीन दिन राहत के बाद फिर दो कारोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आई रिपोर्ट में एक संक्रमित मरीज हरिद्वार जिले और दूसरा मरीज ऊधमसिंह नगर जिले से सामने आया है। इसके साथ ही अब प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 63 हो गई है।

अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने दोनों मरीजों में कोरोना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि  प्रदेश में अभी तक 8547 लोगों के सैंपल की जांच की गई है जिसमें से 8485 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में संक्रमण के दोगुना होने की दर 71 दिन हो गई है। पूरे प्रदेश में आठ हजार से अधिक लोग होम क्वारंटीन हैं। जबकि तीन हजार लोग फैसिलिटी क्वारंटीन में हैं।

हरिद्वार का मरीज ऋषिकेश एम्स में भर्ती, काशीपुर का मरीज दिल्ली से लौटा था
बता दें कि हरिद्वार जिले में अभी तक कोरोना संक्रमण के सात मरीज सामने आए हैं, जिसमें से पांच मरीज ठीक हो चुके हैं। दो मरीजों का इलाज मेला अस्पताल में चल रहा है। वहीं, आज नया मरीज आने के बाद अब हरिद्वार में संक्रमितों की संख्या आठ हो गई है।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार का 26 वर्षीय मरीज भगवानपुर के खाताखेड़ी गांव से है। वह कुछ दिन पहले अपनी सर्जरी कराने के लिए ऋषिकेष एम्स गया था। वहीं पर मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

एम्स से पहले वह रुड़की के ही दो अस्पताल में भी गया था। उसके बाद पीड़ित को वहां से एम्स के लिए रेफर किया गया था। हालांकि मरीज की देखभाल कर रही उसकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अस्पताल प्रशासन जानकारी के लिए परिजनों से संपर्क कर रहा है।

वहीं, ऊधमिसंह नगर जिले में काशीपुर के एक 23 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटव आने से हड़कंप मचा हुआ है। युवक कल दो अन्य लोगों के साथ दिल्ली से काशीपुर आया था। तीनों को काशीपुर के एलडी भट्ट अस्पताल में आइसोलेट किया गया था। युवक की रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है, जबकि दो अन्य लोगों की रिपोर्ट निगेटिव है।

नेपाल जाने को कोटद्वार से पैदल निकले मजदूरों को कालागढ़ में पुलिस ने दबोचा
कोटद्वार के भाबर के जशोधरपुर क्षेत्र में एक खननकारी के स्टॉक में काम करने वाले छह नेपाली मजदूर पैदल ही नेपाल जाने को रवाना हो गए। कालागढ़ पुलिस ने उन्हें कालागढ़ में दबोच लिया और निजी वाहन से यहां लाकर उन्हें कलालघाटी पुलिस चैकी को सौंप दिया।

मजदूरों से मिली जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर 20 अप्रैल को पौखाल क्षेत्र से कण्वाश्रम के रास्ते जशोधरपुर क्षेत्र में आए थे। तब से वे एक स्थानीय खननकारी के भंडारण केंद्र में कार्य कर रहे थे। बृहस्पतिवार दिन में करीब चार बजे वे नेपाल जाने के लिए पैदल ही निकल पड़े।

कलालघाटी चैकी इंचार्ज संदीप शर्मा ने बताया कि मजदूरों के रहने और खाने की व्यवस्था की गई थी। साथ ही वे मजदूरी भी कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद मजदूर घर जाने के जिद पर अड़े हैं। छह मजदूरों को कालागढ़ थाना पुलिस ने पकड़कर वापस कलालघाटी छोड़ दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments