देहरादून: उत्तराखंड में दीपावली की तिथि को लेकर छुट्टी पर संशय की स्थिति बन गई है। उत्तराखंड राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपील की है कि 21 अक्टूबर 2025 को दीपावली के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। परिषद का कहना है कि शासन की अधिसूचना में 20 अक्टूबर को छुट्टी घोषित की गई है, जबकि स्थानीय पंचांग और धार्मिक परंपराओं के अनुसार दीपावली का मुख्य पर्व 21 अक्टूबर को मनाया जा रहा है।
परिषद के प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि शासन की ओर से जारी अवकाश तालिका में तिथि को लेकर त्रुटि हुई है। उन्होंने कहा कि दीपावली हिंदू धर्म का सबसे प्रमुख पर्व है और इसका सही तिथि पर उत्सव मनाना धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने यह भी कहा कि परिषद के नैनीताल जिला अध्यक्ष असलम अली ने भी प्रांतीय नेतृत्व को पत्र भेजकर इस विषय में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। परिषद ने मांग की है कि कर्मचारियों और आम जनता की भावनाओं को देखते हुए 21 अक्टूबर को ही दीपावली का अवकाश घोषित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार का भ्रम ना रहे।
परिषद ने शासन से अनुरोध किया है कि शीघ्र संशोधित आदेश जारी किए जाएं, जिससे राज्यभर में स्पष्टता बनी रहे और सभी लोग दीपावली का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मना सकें।
शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा, “दीपावली आस्था, सद्भाव और प्रकाश का प्रतीक पर्व है। यह आवश्यक है कि राज्य सरकार सही तिथि पर अवकाश घोषित कर नागरिकों और कर्मचारियों को पर्व मनाने का संपूर्ण अवसर प्रदान करे।”

